जगह जगह चल रहे धार्मिक आयोजन से गांवों में बना भक्तिमय माहौल

जाताडोंगरी गांव में सप्ताहिक राम कीर्तन के आयोजन में पहुंच रहे श्रद्धालु
डिंडोरी दर्पण ब्यूरो। इन दिनों जिले भर में जगह-जगह धार्मिक आयोजन चल रहे हैं, जिससे गांवों में इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है। जिले के कई गांवों में श्रीमद् भागवत महापुराण के आयोजन चल रहे हैं तो कई गांवों में सार्वजनिक सप्ताहिक अखंड राम कीर्तन का आयोजन कराया जा रहा है। आयोजन में दूर-दूर से श्रद्धालु एक दूसरे गांवों में जाकर धर्म लाभ ले रहे हैं,आयोजकों द्वारा प्रतिदिन भंडारे का आयोजन भी कराया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत जाताडोंगरी में सात फरवरी से शुरू हुआ सार्वजनिक सप्ताहिक अखंड राम कीर्तन में गांव गांव से श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं,आयोजकों द्वारा प्रतिदिन भंडारा भी कराया जा रहा है। अखंड राम कीर्तन को लेकर आयोजन समिति द्वारा जिले के दर्जनों ग्रामों में आमंत्रण पत्र भी भेजा है गया है। सात दिनों तक चलने वाले सप्ताहिक अखंड राम कीर्तन का समापन 14 फरवरी को विशाल भंडारे के साथ धूमधाम से किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा ज्यादा से ज्यादा संख्या में श्रद्धालुओं को पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।



