9 महीने में ही जल गई महिंद्रा बोलेरो नियो एन8

जबलपुर दर्पण । भारतीय कार बाजार की चर्चित कंपनी महिंद्रा समूह की बोलेरो नियो एन8 कार खरीदने वाले एक ग्राहक का अनुभव बेहद कड़वा साबित हुआ। ग्राहक का कहना है कि मई 2024 में खरीदी गई यह गाड़ी मात्र 9 महीने बाद ही चलते-चलते सड़क पर जलकर खाक हो गई।
जनवरी 2025 से ही शुरू हो गई थी परेशानी
ग्राहक ने बताया कि दिसंबर 2024 तक गाड़ी ठीक-ठाक चली, लेकिन जनवरी 2025 से ही इंजन बार-बार अपने आप बंद होने लगा। इस दौरान उन्होंने गाड़ी को 4-5 बार वर्कशॉप में दिखाया, मगर सिस्टम में कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया गया।
7 फरवरी 2025 को जब वे जबलपुर के लिए निकले तो कटंगी के पास अचानक गाड़ी में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई।
बीमा और फाइनेंस कंपनी को मिला पैसा, ग्राहक खाली हाथ
ग्राहक ने आरोप लगाया कि महिंद्रा समूह के डीलर स्टार ऑटोमोबाइल, जबलपुर को फाइनेंस कंपनीसे भुगतान मिल गया और फाइनेंस कंपनी को बीमा कंपनी से क्लेम मिल गया। लेकिन ग्राहक को कोई मुआवज़ा नहीं मिला। उल्टा, लोन क्लोज करने के लिए उन्हें 40-50 हजार रुपये अतिरिक्त भरने पड़े।
उन्होंने कहा –
“हमने गाड़ी सिर्फ 9 महीने चलाई। अगर किराए पर लेते तो ड्राइवर सहित 25 हजार रुपये प्रतिमाह में मिल जाती और 9 महीने में सिर्फ 2.25 लाख का खर्च होता। लेकिन यहां तो गाड़ी भी गई और नुकसान भी हमारा हुआ। कंपनियों को उनका पैसा मिल गया, ग्राहक लुट गया।”
“समस्या बताने के बाद भी समाधान नहीं मिला”
ग्राहक का कहना है कि जब गाड़ी बार-बार वर्कशॉप में दिखाई गई तो कंपनी ने दोष दूर क्यों नहीं किया?
“महिंद्रा समूह कहती है कि आपने गाड़ी चलाई, इसलिए गलती आपकी है। मतलब, खराब गाड़ी पकड़ाई और दोष ग्राहक का निकला। ये पूरी तरह कंपनी और कर्मचारियों की गलती है।”


