सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत महाकौशल कॉलेज में ब्लड डोनेशन शिविर, 120 यूनिट संग्रह

जबलपुर दर्पण । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकौशल महाविद्यालय, जबलपुर में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आज भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 1200 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए समाज सेवा का संदेश दिया, जिनमें से 120 विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय सभागार में किया गया, जहाँ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं शिक्षाविदों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री अशोक रोहाणी ने किया। जनभागीदारी अध्यक्ष श्री आशीष राव, डॉ. जितेंद्र जामदार, एसडीएम रांझी, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा प्रो पी आर चंदेलकर, पूर्व आयुक्त निशक्तजन दीपंकर बनर्जी,संभागीय समन्वयक प्रो. अरुण शुक्ल, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अलकेश चतुर्वेदी, डॉ. आभा पांडेय एवं डॉ. समता नायडू ने भी मंच साझा किया। अल्पसंख्यक विभाग के निदेशक श्री आशीष दीक्षित ने विद्यार्थियों को रक्तदान जैसे जीवनदायी कार्यों के महत्व से अवगत कराया।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में शासकीय रानी दुर्गावती अस्पताल, रेडक्रॉस सोसायटी, तथा जिलाध्यक्ष जबलपुर का विशेष सहयोग रहा। महाविद्यालय परिवार ने इस आयोजन को केवल एक रक्तदान कार्यक्रम न मानकर समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का अवसर माना।
प्राचार्य प्रो. अलकेश चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों की उत्साही भागीदारी को सराहा और कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी और उन्हें समाज के प्रति सदैव जागरूक रहने का आह्वान किया।
यह शिविर न केवल सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण बना, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व के भाव को भी प्रबल किया।


