त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की जांच – खोवा, पनीर एवं घी के लिए गए नमूने

कटनी जबलपुर दर्पण । कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर त्यौहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को वार्ड क्रमांक 16 से 30 तक के प्रतिष्ठानों की जांच हेतु राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्यवाही की।
टीम ने सिल्वर टॉकीज स्थित खोवा मंडी में जैन खोवा भंडार एवं गुप्ता खोवा भंडार की जांच की। जांच दल में नायब तहसीलदार अतुलेश सिंह बघेल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी साहू शामिल रहे।
मौके पर जैन खोवा भंडार से खोवा, पनीर और घी के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु संग्रहित कर भेजे गए। साथ ही खाद्य पदार्थों को खुले में रखने और स्वच्छता का अभाव पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई तथा लाइसेंस की शर्तों का पालन न करने पर सुधार सूचना नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई।
गुप्ता खोवा भंडार से भी खोवा एवं पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
त्यौहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।



