सिलेंडर की अनुपलब्धता से भंडारे अब मिट्टी के चूल्हे पर बनने लगे

जबलपुर दर्पण । गैस सिलेंडर की लगातार अनुपलब्धता के कारण अब शहर में कई धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भंडारे मिट्टी के चूल्हे पर तैयार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भर्तीपुर क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में गुरुद्वारा के सेवादारों द्वारा मिट्टी के चूल्हे पर भंडारा बनवाया गया। समिति के सदस्य प्रकाश सदानी ने जानकारी देते हुए बताया कि भंडारे के लिए गैस सिलेंडर प्राप्त करने हेतु कई बार प्रयास किए गए, लेकिन समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो सका। मजबूरी में मिट्टी के चूल्हे की व्यवस्था कर भोजन तैयार कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिलेंडर न मिलने से आयोजकों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाना समयसाध्य भी होता है। इसके बावजूद सेवादारों ने सेवा भावना के साथ भंडारे की व्यवस्था पूरी की। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी कार्यक्रम में परेशानी न हो।



