करमचंद चौक पर दुकानदारों की लापरवाही, कचरे में आग लगने का बना रहता है खतरा

जबलपुर दर्पण । शहर के करमचंद चौक क्षेत्र में स्थित कई इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारियों द्वारा रात के समय अपनी दुकानों का कचरा बाहर सड़क किनारे ऐसे ही रखकर चले जाने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानों से निकलने वाला कचरा, विशेषकर कार्टन, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री खुले में पड़े रहने से कभी भी आग लगने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रात में कई बार कचरे के ढेर के पास असामाजिक तत्व आग जला देते हैं, जिससे आसपास की दुकानों और क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि ऐसे व्यापारियों को सख्त समझाइश दी जाए और निर्देशित किया जाए कि वे अपना कचरा सड़क पर न रखें, बल्कि नगर निगम के कचरा वाहन में ही दें। साथ ही क्षेत्र में नियमित निगरानी और कार्रवाई की भी मांग की गई है ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्वच्छता और सुरक्षा दोनों के लिए यह जरूरी है कि व्यापारी जिम्मेदारी से कचरा प्रबंधन करें और नियमों का पालन करें।



