शिविर में सांसद ने अधिकारियों को लगाई फटकार

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के मझौली जनपद पंचायत में शुक्रवार को दिव्यांग जन और वृद्धजन के लिए निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर फटकार लगाई। और मौके पर ही एक दिव्यांग को ट्राईसाइकल प्रदान करवाई। यह शिविर धौहनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के जरूरतमंद दिव्यांगों और वृद्धजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराना था।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही इस योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सांसद ने दिव्यांगों और वृद्धजनों के सम्मानजनक जीवन के लिए इस पहल को महत्वपूर्ण बताया और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।निरीक्षण के दौरान सांसद मिश्रा ने पाया कि शिविर में केवल 8 लोग ही पहुंचे थे, जबकि 150 लाभार्थियों का लक्ष्य रखा गया था। प्रचार-प्रसार के अभाव को इसका मुख्य कारण मानते हुए, उन्होंने मझौली के बीएमओ डॉ. संदीप शुक्ला और एसीईओ धनंजय मिश्रा को कड़ी फटकार लगाई। सांसद ने जोर देकर कहा कि योजनाओं का सही प्रचार न होने से पात्र लोग वंचित रह जाते हैं, जो एक गंभीर लापरवाही है।
सांसद ने दिए कार्रवाई के निर्देश
शिविर में ग्राम पनिहा के दिव्यांग ऋषिकेश गुप्ता ने शिकायत की। उन्होंने बताया कि उन्हें सूची में शामिल किया गया था, लेकिन वास्तव में ट्राईसाइकल नहीं दी गई। यह शिकायत सुनते ही सांसद ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में मामला सही पाया गया, जिसके बाद सांसद मिश्रा ने मौके पर ही ऋषिकेश गुप्ता को ट्राईसाइकल प्रदान करवाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
सांसद मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल कागजों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने भविष्य में ऐसे शिविरों का व्यापक प्रचार सुनिश्चित करने को कहा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।



