कोरोना वायरस के खिलाफ पीएम केयर्स फंड में अधिक से अधिक करें दान
भारत को स्वस्थ और समृद्ध बनाने में कोई कसर न छोड़ें: रमेश भटेरे
बालाघाट। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक रमेश भटेरे ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि आज पूरा देश कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहा है। इससे निपटने के लिए शनिवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ‘इमर्जेंसी फंड’ का एलान किया। इसमें छोटी-बड़ी राशि दान में दी जा सकती है। इस रकम का इस्तेमाल मौजूदा संकट से निपटने में किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने सभी लोगों से इस फंड में दान करने की अपील की है। श्री भटेरे ने इस अपील की गुजारिश करते हुए कहा कि यदि हम कोरोना वायरस के खिलाफ सरकार की इस मुहिम में शामिल होकर अपने योगदान से सरकार के हाथ मजबूत करना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष यानी पीएम केयर्स फंड में अधिक से अधिक दान करें।
दान देने का तरीका बिल्कुल आसान
पीएम केयर्स फंड में दान देने का तरीका बिल्कुल आसान है। जानकारी के मुताबिक कोई भी नागरिक या संस्थान इसके लिए pmindia.gov.in पर जा सकते हैं। साथ इन ब्योरे का इस्तेमाल करते हुए दान कर सकते है। अकाउंट का नाम पीएम केयर्स, अकाउंट नंबर 2121PM20202, आईएफएससी कोड SBIN0000691, स्विफ्ट कोड SBININBB104, बैंक और ब्रांच का नाम भारतीय स्टेट बैंक, नई दिल्ली, मुख्य शाखा, यूपीआई आईडी pmcares@sbi, पेमेंट के लिए दानदाता इन माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग, आरटीजीएस/एनईएफटी। अच्छी बात यह है कि दानदाता यूपीआई से भी इस कोष में डोनेट कर सकते हैं। इसके लिए भीम, फोनपे, अमेजन, पे, गूगल पे, पेटीएम, मोबिक्विक इत्यादि का इस्तेमाल किया जा सकता है।
टैक्स से छूट, स्थिति से निपटने में मदद
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश भटेरे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस फंड में दान दी गई राशि पर सेक्शन 80 (जी) के तहत टैक्स से छूट मिलेगी। भविष्य में भी यह फंड संकट की ऐसी ही स्थितियों से निपटने में मदद करेगा। श्री भटेरे ने आगे कहा कि यह आपदा प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करते हुए यह दवाइयां, टेस्टिंग कीट, उपयोगी उपकरण की व्यवस्था चाक-चौबंद करेगा। साथ ही नागरिकों की सुरक्षा पर रिसर्च को प्रोत्साहित करेगा। आइए, अपनी भावी पीढ़ियों के लिए हम भारत को स्वस्थ, निरोगी और समृद्ध बनाने में कोई कसर न छोड़ें।



