श्रमिकों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी: बीएमएस
सीधी जबलपुर दर्पण । औद्योगिक जगत के सीमेंट उत्पादन क्षेत्र में ख्याति अर्जित करने वाले अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की इकाई सीधी सीमेंट प्लांट में कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों के हितों के प्रति प्रबंधकीय दृष्टिकोण समरसता पूर्ण सकारात्मक होना चाहिए, उक्त की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। जिसके लिए भारतीय मजदूर संघ संकल्पित है। जारी विज्ञप्ति में तत्संबंधी जानकारी से अवगत कराते हुए सीधी सीमेंट प्लांट में वर्ष 2018 से कार्यशील अल्ट्राटेक सीमेंट कर्मचारी एवं खदान श्रमिक संघ मझिगवां ट्रेड यूनियन सम्बद्ध भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री व पदेन सीमेंट मजदूर महासंघ मध्यप्रदेश के संयुक्त महासचिव उमा निवास मिश्रा द्वारा बताया गया है कि बीते चार नवंबर को यूनियन अध्यक्ष व पदेन कृषि ग्रामीण मजदूर महासंघ के संभागीय अध्यक्ष वीरभानु सिंह की अध्यक्षता तथा सीमेंट मजदूर महासंघ मध्यप्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार तिवारी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। संघीय बैठक में संघीय रीति नीति के अनुसार सैकड़ों की संख्या में उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से यूनियन प्रबंध कार्यकारिणी का समयानुकूल कार्यपालिक पदीय विस्तार किया जाकर व्यवसायिक संघ मध्यप्रदेश शासन भोपाल द्वारा पारित विधान के अनुसार पूर्व से चयनित तथा कार्यशील 23 सदस्यीय प्रबंध कार्यकारिणी को 35 सदस्यीय किया गया है। जिसमें वरिष्ठ संघीय साथियों को सम्मिलित किया गया है। आयोजित बैठक में श्रमिकों के औद्योगिक वेतन, भत्ते तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित तथ्यों पर रायसुमारी की गई तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में श्रमिकों के हितार्थ कार्य करने का संकल्प लिया गया। ज्ञातव्य है कि अल्ट्राटेक सीधी सीमेंट प्लांट में केन्द्रीय औद्योगिक वेतन मान प्राप्त सीमेंट वेज बोर्ड श्रेणी के श्रमिकों की महज दस प्रतिशत है। शेष विभिन्न वर्गीकृत श्रेणी के श्रमिक/कर्मचारी कार्यरत हैं, जो समान कार्य के बावजूद उक्त वेतन मान की समानता से पृथक हैं। कार्य की प्रकृति के अनुसार समान वेतन भत्ता तथा अन्य सभी औद्योगिक सुविधाओं को प्रदत्त कराये जाने की मांग यूनियन की ओर से लगातार किए जाते रहने के ही क्रम में बीते 25 सितम्बर को मांग पत्र प्रबंधन को सौंपा गया था। जिसके संबंध का प्रबंधकीय दृष्टिकोण सकारात्मक नहीं होने से श्रमिकों में असंतोष व्याप्त है। जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि आपरेटिव श्रेणी के श्रमिकों के वेतन बढ़ोतरी आदि के संबंध में दीर्घकालिक पंचवर्षीय समझौता प्रबंधन तथा यूनियन के साथ बीते पांच वर्ष पूर्व हुआ था। जिसकी समयावधि 31 अक्टूबर 2025 को समाप्त हो चुकी है। प्रबंधन द्वारा सकारात्मकता पूर्वक श्रमिकों के हितार्थ कार्य किए जाने की जनापेक्षा व्यक्त की गई है।



