नगर निगम द्वारा शहर भर जगह-जगह अतिक्रमण हटाए जाने की गई कार्यवाही
जबलपुर दर्पण । नगर निगम द्वारा निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत आज शहर भर में जगह जगह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गयी। कार्रवाई के संबंध में अपर आयुक्त अरविंद शाह एवं अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि आज शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया। अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि आज अभियान की शुरुआत बाजनामठ और जेडीए कॉलोनी गार्डन से हुई, जहाँ पूर्व से चिन्हित किए गए अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक पार्कों और गार्डन की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोल बाजार, छोटी लाइन फाटक से लेकर रामपुर चौक तक सघन अभियान चलाकर फुटपाथ खाली कराए गए। एचडीएफसी बैंक गोलबाजार के पास बैंक के बाजू स्थित कंजरवेंसी को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया कि हनुमानताल तालाब के किनारे किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। साथ ही अनवर के बाड़े को पूरी तरह खाली कराया गया। चितरंजन दास वार्ड में शासकीय भूमि पर चोरी-छिपे किए जा रहे अवैध निर्माण को मौके पर पहुँचकर रुकवा दिया गया। तिलवारा में कम्युनिटी शौचालय के पास किए गए अस्थाई कब्जों को हटाकर रास्ता साफ किया गया।
मुनादी कर दी गई सख्त चेतावनी– अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि कार्रवाई के साथ-साथ निगम प्रशासन ने जन-जागरूकता और चेतावनी का सहारा भी लिया। तीन पत्ती, सिविक सेंटर, शास्त्री ब्रिज और मालवीय चौक जैसे व्यस्ततम इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी की गई। व्यापारियों और नागरिकों को हिदायत दी गई है कि वे दोबारा अतिक्रमण न करें, अन्यथा भारी चालानी कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। कार्यवाही के समय सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी अखिलेश सिंह भदौरिया, एकता रघुवंशी, सहायक परिवहन यातायात प्रबंधन अधिकारी दीपेंद्र सिंह रावत सहित दल प्रभारी जोसफ प्रवीण, अंकित पारस, वीरेंद्र मिश्रा आदि उपस्थित रहे।



