शहर में अब और तेज गति से हो रहा है विकास – महापौर श्री अन्नू

जबलपुर दर्पण । नगर निगम द्वारा महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू“ के नेतृत्व में विकास कार्यों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। महापौर अन्नू ने केन्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी एवं निगमाध्यक्ष रिकुंज विज के साथ सिविल लाइन में 60 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नई सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान बताया कि शहर के हर वार्ड और मुख्य मार्ग को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान महापौर श्री अन्नू ने अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूरा करना अनिवार्य है, ताकि नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो। महापौर श्री अन्नू ने बताया कि सड़क निर्माण के कार्यो में हीलाहवाली करने वाले ठेकेदार और अधिकारियों पर भी कार्यवाही हो सकती है, इसलिए उन्होंने दोनों को समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।
अगले माह शहर में 6 करोड़ रूपये की लागत से बनेगी डामलीकृत सड़कें-महापौर ने बताया कि शहर के देवतुल्य नागरिकों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है, कि अगले महीने 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली डामरीकृत सड़कों के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि शहर के उन हिस्सों को प्राथमिकता दी जाएगी जहाँ सड़कों की हालत जर्जर है। सड़कों को लंबे समय तक टिकाऊ बनाने के लिए डामरीकरण की आधुनिक पद्धति का उपयोग होगा। सुव्यवस्थित सड़कों के निर्माण से शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी कमी आएगी। महापौर श्री अन्नू ने कहा कि हमारा लक्ष्य जबलपुर को एक स्मार्ट और सुविधायुक्त शहर बनाना है। विकास की गति अब रुकने वाली नहीं है। निरीक्षण के समय संभागीय यंत्री अभिषेक तिवारी, वीरेन्द्र पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।



