दबंगों ने की छात्रों से मारपीट, सोसल मीडिया में वीडियो वायरल

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के सेमरिया बाजार में संचालित शासकीय सांदीपनि हायर सेकेंड्री स्कूल के बाहर छात्रों के साथ मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में बाइक सवार कुछ बदमाश लगभग 6 से ज्यादा छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए दिख रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना स्कूल के मुख्य गेट के बाहर की बताई जा रही है। हमले के जवाब में छात्रों के समूह ने भी मारपीट करने वालों पर पत्थरबाजी की, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। इस मारपीट में दो छात्रों को चोटें आई हैं। जिन्हें उपचार के लिए सेमरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। मारपीट की प्रारंभिक वजह आपसी विवाद बताई जा रही है, हालांकि इसके वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। स्कूल के प्राचार्य अनिल मिश्रा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी क्योंकि वे मूल्यांकन कार्य में व्यस्त थे। उन्होंने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उधर सेमरिया थाना प्रभारी केदार परौहा ने पुष्टि की है कि उन्होंने भी वीडियो देखा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। स्कूल प्रबंधन से चर्चा के बाद मामले की जांच की जाएगी और आरोपियों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

