पुस्तक मेला स्थल में हुआ आयोजन

स्काउट गाइड की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से जगाई रूच्छता की अलख
जबलपुर दर्पण । भारत स्काउट एवं गाइड एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में संचालित प्रोजेक्ट क्लेप के अंतर्गत गोल बाजार स्थित पुस्तक मेले में स्वच्छता ही मानवता है, जागरूकता ही समाधान है विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इस कार्यक्रम में सेंट नॉरबर्ट स्कूल, नेपियर टाउन की गाइड छात्राओं ने स्वच्छता अभियान को लेकर प्रेरणादायक संदेश प्रस्तुत किया। यह आयोजन सहायक राज्य संगठन आयुक्त ललित कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी के निर्देशानुसार तथा डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर डॉ विजयकांत तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर किरण के निर्देशन तथा गाइड कैप्टन रशिका द्विवेदी के अथक प्रयासों से हुआ। पुस्तक मेले का आयोजन कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के प्रयासों से किया गया, जिसमें संध्या सभा के दौरान स्काउट.गाइड विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया। कार्यक्रम में लगभग 1500 बच्चे, 70 शिक्षक.शिक्षिकाएं तथा 500 से अधिक अभिभावक सहित बड़ी संख्या में मेले में आए नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन पूर्णिमा परांजपे ने किया।
चार वर्षीय बालक ने सुनाई हनुमान चालीसा:-पुस्तक मेले की संध्या सभा में मुख्य अतिथि अशोक रोहणी की उपस्थिति में चार वर्षीय बालक यशविन राज द्विवेदी ने हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ कर सभी उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रतिभा की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। यशविन सेंट नॉरबर्ट स्कूल की शिक्षिका रशिका अभिषेक द्विवेदी के सुपुत्र, सेवानिवृत्त शिक्षिका राजलक्ष्मी द्विवेदी के पौत्र तथा अमित द्विवेदी के भतीजे हैं।



