स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल रहने वाला जबलपुर, लेकिन शास्त्री ब्रिज के नीचे कचरे का अंबार बना खतरा

जबलपुर दर्पण। जबलपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में 5वां स्थान हासिल कर देशभर में पहचान बनाई, लेकिन शहर के कुछ हिस्सों की जमीनी हकीकत अब भी चिंता का विषय बनी हुई है। शहर के शास्त्री ब्रिज के नीचे लंबे समय से कचरे का अवैध डंपिंग जोन बना हुआ है, जो स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। रेलवे ट्रैक के पास लगातार कचरा डाला जा रहा है, जिससे न सिर्फ गंदगी फैल रही है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस कचरे में कई बार आग लग चुकी है। कबाड़ी यहां प्लास्टिक और अन्य सामान चुनते हैं और बाकी कचरे में आग लगा देते हैं, जिससे क्षेत्र में जहरीला धुआं फैलता है और वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जब शहर में कठोंडा अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रपहले से संचालित है, तो शास्त्री ब्रिज के नीचे इस तरह कचरा डंप करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस डंपिंग जोन को तुरंत बंद किया जाए और कचरे को सीधे प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया जाए। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह न केवल पर्यावरण बल्कि जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।



