भारत की जनगणना 2027: डाटा रहेगा पूरी तरह सुरक्षित, दिल्ली में 16 अप्रैल से भवन गणना शुरू

मनीष श्रीवास नई दिल्ली । भारत की जनगणना 2027 के दौरान जुटाया गया सभी डाटा पूरी तरह से सुरक्षित और गोपनिय रहेगा। भारत के जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायणन ने देश को इस बात का भरोसा दिया है कि जनगणना के दौरान सभी देश वासियों के व्यक्तिगत डाटा को गोपनीय और सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना अधिनियम की धारा-15 के तहत देश के नागरिकों की सभी व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रहती है। भारत में साल 2027 की जनगणना से पूर्व स्वगणना का विकल्प चुनने वालों के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। देश में 16 वीं जनगणना के आरंभ होने से पूर्व भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त ने बताया कि पोर्टल के डाटा को किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने और साक्ष्य के तौर पर भी प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। साथ ही इस डाटा को सूचना का अधिकार के तहत भी साझा नहीं किया जा सकता।
देशभर में जनगणना का पहला चरण अप्रैल से आरंभ होगा जो सितंबर तक चलेगा। इस दौरान भवनों की गणना का कार्य किया जाएगा। नागरिकों की गणना का कार्य मार्च 2027 से आरंभ होगा। पहले चरण में देशभर में हर मकान को एक यूनीक आईडी प्रदान की जाएगी। मकानों की सही और सटिक गणना के लिए जियो टैगिंग को अपनाया जाएगा।साल 2027 की जनगणना के दौरान देशवासियों को किसी भी तरह का दस्तावेज देने की जरूरत नहीं होगी। सभी की जानकारी को मोबाइल ऐप के माध्यम से एकत्र किया जाएगा।
जनगणना के दौरान प्रगणक 33 सवाल एक परिवार से पूछेंगे। जिसमें मकान नंबर, मकान के फर्श का प्रकार, मकान की दीवारों में प्रयुक्त सामग्री, मकान की छत पक्की अथवा कच्ची, मकान का उपयोग, मकान की हालत, परिवार क्रमांक, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के मुखिया का जैंडर, अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति-अन्य, मकान के स्वामित्व की स्थिति, मकान में कमरों की कुल संख्या,परिवार में विवाहित लोगों की संख्या, पेयजल का मुख्य स्रोत, पेयजन स्रोत की उपलब्धता, घर में लाइट का मुख्य स्रोत,घर में शौचालय, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी, घर में स्नानघर की उपलब्धता, रसोईघर में एलपीजी, पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने के लिए ईंधन का प्रयोग, घर में रेडियो, टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप, कम्प्यूटर,टेलीफोन, मोबाइल फोन, स्मार्ट फोन, घर में साइकिल, स्कूटर मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप, वैन, घर में प्रयुक्त होने वाला मुख्य अनाज और परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर जैसे प्रश्नों के जवाब परिवार वालों को जनगणना प्रगणक को देने होंगे।
साल 2027 की जनगणना के दूसरे चरण में जाति आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए महापंजीयक व्दारा व्यापक चर्चा के बाद निर्णन लिया जाएगा। जनगणना के पहले चरण में भवनों की गणना होगी और दूसरे चरण में देशवासियों की गणना की जाएगी। महापंजीयक ने बताया कि लिवइन में रहने वाले जोड़ों को विवाहित माना जाएगा और उनकी गणना वैवाहिक दंपति के तौर पर ही होगी।
देश के महापंजीयक व्दारा अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों की सूची को अपने पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है ताकि प्रगणक व्दारा पूछे गए प्रश्नों का नागरिक आसानी से उत्तर दे सकें। देश के सभी नागरिक ध्यान रखें और जनगणना के प्रगणक के घर आन पर सभी प्रश्नों के सही उत्तर दे कर एक अच्छे नागरिक होने का परिचय दें।



