लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया सिहोरा में 26 करोड़ की लागत से बने खितौला आरओबी का लोकार्पण


मनीष श्रीवास जबलपुर दर्पण। जबलपुर जिले के संसदीय क्षेत्र एवं खितौला सिहोरा में बने फ्लाईओवर ब्रिज के शुभारंभ में पहुंच कर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग का ध्येय वाक्य लोक निर्माण से लोक कल्याण तक है और इसी ध्येय वाक्य के अंतर्गत विभाग के जो भी कार्य हो रहे हैं वे लोक कल्याण के लिए ही होते हैं। मंत्री राकेश सिंह ने यह बात आज सिहोरा में खितौला फाटक पर 26 करोड़ की लागत से बने आरओबी के लोकार्पण अवसर पर कहा। उन्होंने कहा कि जबलपुर जिले में लगभग 3500 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें लगभग 400 करोड़ के कार्य सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत हैं। उन्होंने कहा कि वे सिहोरा विधानसभा क्षेत्र की जनता के ऋणी हैं। जब जबलपुर संसदीय क्षेत्र में पार्टी के अध्यक्ष के रूप में तथा बाद में सांसद के रूप में सिहोरा विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहते थे तब क्षेत्र की जनता ने उनका साथ निभाने में अतुल्नीय योगदान दिया। हर सार्वजनिक गतिविधियों में भरपूर सहयोग दिया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जब भी सिहोरा आना होता था तब खितौला रेलवे ओव्हर ब्रिज की बात प्रमुखता से होती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तथा केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी से इस कार्य के संबंध में चर्चा कर आरओबी के लिए 26 करोड़ की राशि स्वीकृत कराया। बाद में विधानसभा में पहुंच गया। लेकिन संयोग से लोक निर्माण का कार्य उन्हें ही मिला। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आज यह पुल तैयार है, जिसका लोकार्पण किया गया । और यह पुल जनता को समर्पित है। यह पुल सिहोरा का प्रतिष्ठित विषय था, इसलिए केन्द्र और राज्य सरकार ने इसका मान-सम्मान भी रखा। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने लोक पथ एप बनाया हुआ है । जिसे विभाग के सभी अधिकारियों ने आत्मसात किया है। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि वे इस एप को डाउनलोड करें और सड़कों में जहां कहीं भी गड्ढ़ा दिखे फोटो खींचकर अपलोड करें, विभाग का दायित्व है कि उसे चार दिन में ठीक किया जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस एप के माध्यम से लोग मध्यप्रदेश में जहां भी जाना चाहें वहां का रास्ता तथा रास्ते में पेट्रोल पम्प, रेस्टोरेंट, पुलिस थाना व नागरिक सुविधाओं की जानकारी तुरन्त उपलब्ध करायेगी, साथ ही ब्लैक स्पॉट की जानकारी भी देगी। मध्यप्रदेश ऐसी एप का उपयोग करने वाला पहला राज्य है और अब दूसरे राज्य भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। प्रदेश में अभी तक 506 लोक कल्याण सरोवर बनाये जा चुके हैं- मंत्री राकेश सिंह – उन्होंने कहा कि सड़क बनाते समय अब ठेकेदार एक निश्चित जगह से मिट्टी व मुरम निकालेंगे और उस जगह पर एक लोक कल्याण सरोवर बनाया जायेगा। मध्यप्रदेश में अभी तक 506 लोक कल्याण सरोवर बनाये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जल संवर्धन प्रणाली के लिए यह एक कारगर तरीका है। साथ ही कहा कि भविष्य में भावी पीढी को समुचित रूप से पानी उपलब्ध हो सके इसके लिए जल संरचनाओं के पुनर्जीवन के साथ सड़कों व भवनों में वॉटर रीचार्ज सिस्टम बनाया जा रहा है। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पानी के साथ पर्यावरण पर भी ध्यान दे रहा है। भवनों को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में पर्यावरण प्रकृति के अनुकूल बनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जायेगा। जहां कहीं भी गड़बड़ी पाई जायेगी तो आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विकास कार्यों में भरपूर सहयोग मिल रहा है।



