स्वच्छता सर्वेक्षण के बीच जबलपुर की सड़कों पर गंदगी, नागरिकों में नाराजगी

जबलपुर दर्पण । जबलपुर में स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होने के बावजूद शहर के कई प्रमुख इलाकों में गंदगी और अव्यवस्थाओं का अंबार देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम केवल कागजी दावों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है।शहर के जयंती कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में नालियां सिल्ट से भरी हुई हैं और करीब 10 दिनों से उसकी सफाई के बाद निकाला गया मलबा नहीं उठाया गया। वहीं भंवरताल गार्डन के पास भी कचरा और मलबा पड़ा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इसके अलावा नौदरा ब्रिज रोड पर भी मलबा लंबे समय से हटाया नहीं गया है। करमचंद चौक क्षेत्र में कचरा वाहन नहीं पहुंचने के कारण नागरिकों को खुद रिक्शा में कचरा भरकर फिंकवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब नगर निगम शहर की मुख्य सड़कों और प्रमुख इलाकों की सफाई व्यवस्था नहीं संभाल पा रहा है, तब स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम आने के दावे वास्तविकता से दूर नजर आते हैं। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है।



