मुख्यमंत्री के बयान के खिलाफ कांग्रेस का गांधीवादी प्रदर्शन

जबलपुर दर्पण । शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा टाउन हॉल स्थित गांधी भवन में मंगलवार को एक चौपाल का आयोजन कर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस के संबंध में दिए गए कथित बयान का विरोध किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री की टिप्पणी की निंदा की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने बताया कि हाल ही में एक सार्वजनिक सभा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था। इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शांतिपूर्ण चौपाल आयोजित कर अपना रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर मर्यादित भाषा का प्रयोग होना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के बयान को अनुचित बताते हुए इसकी निंदा की। इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पार्षद, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गांधीवादी मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण पर भी जोर दिया गया।



