घर-घर सदस्यता अभियान चलाएगी शिवसेना, नई कार्यकारिणी गठन की तैयारी तेज

जबलपुर दर्पण । शिवसेना (एकनाथ शिंदे-बालासाहेब ठाकरे) संगठन द्वारा जबलपुर में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा तथा घर-घर सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा।
शिवसेना महानगर प्रमुख मुकेश सराठे एवं जिला प्रमुख शैलू पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संगठन में तहसील प्रमुख, विधानसभा प्रमुख, ब्लॉक प्रमुख, 79 वार्ड प्रमुख एवं बूथ प्रमुखों की नियुक्तियां की जाएंगी। साथ ही आगामी नगरीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए युवाओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने की योजना बनाई गई है।
पदाधिकारियों ने कहा कि शिवसेना का उद्देश्य संगठन को प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसके लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिससे नए युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ा जा सके।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आगामी पार्षद चुनाव में शिवसेना को अवसर दें और संगठन को जनता के बीच कार्य करने का मंच प्रदान करें। संगठन ने नशामुक्त समाज के निर्माण, सामाजिक समस्याओं के समाधान तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जनहित के मुद्दों पर कार्य करने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया है।
प्रेस विज्ञप्ति में सभी शिवसैनिकों ने नागरिकों से संगठन से जुड़ने और सदस्यता अभियान में सहयोग करने की अपील की है।



