नगरीय प्रशासन आयुक्त ने ली मैराथन बैठक

जबलपुर संभाग में विकास कार्यों और जन-कल्याणकारी योजनाओं को मिलेगी गति
जबलपुर दर्पण । जबलपुर संभाग के नगरीय निकायों में विकास कार्यों को गति देने, जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे की अध्यक्षता में गीता भवन के प्रेक्षागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में जबलपुर संभाग के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक की शुरुआत से पहले आयुक्त श्री भोंडवे ने सुबह के समय विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शुरू हुई यह समीक्षा बैठक निरंतर रात्रि 9 बजे तक यानी पूरे 6 घंटे तक चली। इस सघन मंथन के दौरान गीता भवन परियोजना, अर्बन चैलेंज फंड, अधोसंरचनाएवं शहर के अन्य विकास कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी पी.एम. स्वनिधि योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अंतिम पंक्ति के हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय सीमा में पहुँचना चाहिए। इसके साथ ही विधानसभा आश्वासनों और न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति बनी रहे।
इस बैठक में नगरीय प्रशासन के अपर आयुक्त शिशिर गेमावत, जबलपुर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, प्रमुख अभियंता प्रदीप मिश्रा और संयुक्त संचालक परमेश जलोटे एवं सभी नगर निगमों, निकायों, नगर परिषदों और पंचायतों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



