70वीं जिला स्तरीय शालेय कुराश प्रतियोगिता में मानकुवॉरी हंसा हायर सेकेण्डरी स्कूल का दबदबा, सात खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक

जबलपुर दर्पण । मंगल भवन, पनागर में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय शालेय कुराश प्रतियोगिता-2026 में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में मानकुवॉरी हंसा हायर सेकेण्डरी स्कूल, बरेला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। उत्कृष्ट तकनीकी कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर विद्यालय के सात खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर आगामी संभाग स्तरीय शालेय कुराश प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में रेशु सिंह मसराम (कक्षा 12वीं, अंग्रेजी माध्यम), प्रियांशी गौंड (कक्षा 12वीं, अंग्रेजी माध्यम), श्रद्धा बैरागी (कक्षा 11वीं, अंग्रेजी माध्यम), राज चक्रवर्ती (कक्षा 11वीं, हिंदी माध्यम), कार्तिक बर्मन (कक्षा 8वीं, अंग्रेजी माध्यम), कनिष्का मिश्रा (कक्षा 8वीं, अंग्रेजी माध्यम) एवं सुरुचि नामदेव (कक्षा 10वीं, अंग्रेजी माध्यम) शामिल हैं। सभी खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्णायक जीत दर्ज की और विद्यालय की खेल परंपरा को नई पहचान दिलाई। प्रतियोगिता में विद्यालय के अन्य खिलाड़ियों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा। इनमें विवेक पटेल, ऋषभ लोधी, कार्तिक पटेल, भावना पट्टा, काजल पटेल, रोशनी बैरागी, इशान दुबे, राधे पटेल, सतेन्द्र बरकड़े एवं देव पटेल का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। खिलाड़ियों के जुझारूपन और खेल भावना ने दर्शकों एवं निर्णायकों का भी ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे सामूहिक परिश्रम, नियमित प्रशिक्षण एवं समर्पण का परिणाम बताया। विद्यालय की संचालक समिति के सचिव एस. मसीह, अध्यक्ष वैभव जोशुवा, प्राचार्या श्रीमती ई. एस. जोशुवा एवं प्राचार्या नम्रता जोशुवा ,शिक्षिका स्नेहलता नामदेव ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करता रहेगा। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी खिलाड़ी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, बरेला एवं जबलपुर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।



