प्रस्तावित फ्लाइओवर का नाम भगवान श्री विश्वकर्मा फ्लाइओवर करने की मांग

जबलपुर दर्पण । श्री विश्वकर्मा महासंगठन द्वारा जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन से जीरो डिग्री से धन्वन्तरि नगर को जोडऩे वाले प्रस्तावित फ्लाइ ओवर का नामकरण भगवान श्री विश्वकर्मा के नाम पर किए जाने की मांग की गई। महासंगठन की ओर से अध्यक्ष संदीप जैन को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि यह फ्लाइओवर शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। संगठन ने जेडीए द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए इसे शहर के लिए एक बड़ी सौगात बताया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित फ्लाइओवर के समीप भगवान श्री विश्वकर्मा का भव्य मंदिर एवं धर्मशाला स्थित है, जो विश्वकर्मा समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्री विश्वकर्मा को देव शिल्पी, वास्तु एवं निर्माण कला के जनक तथा सृष्टि के महान सृजनकर्ता के रूप में देशभर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ पूजा जाता है। श्री विश्वकर्मा महासंगठन ने मांग की है कि फ्लाइओवर का नाम भगवान श्री विश्वकर्मा फ्लाइ ओवर रखा जाए। संगठन का कहना है कि इससे न केवल विश्वकर्मा समाज की भावनाओं का सम्मान होगा, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को भी भगवान श्री विश्वकर्मा के योगदान और सृजनशीलता की प्रेरणा मिल सकेगी। महासंगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन समाज की इस जनभावना का सम्मान करते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। इस दौरान महासंगठन के अध्यक्ष रमेश विश्वकर्मा, संजय विश्वकर्मा, गोविन्द अजय विश्वकर्मा, एड ओपी विश्वकर्मा, अरविन्द बन्टी विश्वकर्मा, अमित विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, अजय शर्मा आदि है।



