राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2026 के अंतर्गत “रियासत-ए-विजयराघवगढ़” का सफल मंचन, देशभक्ति और इतिहास से गूंजा शहीद स्मारक प्रेक्षागृह

जबलपुर दर्पण । संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तथा महाकवि कालिदास जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2026 के अंतर्गत संभागीय बाल भवन, जबलपुर के सहयोग से रंगाभरण थिएटर, जबलपुर द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति एवं ऐतिहासिक नाटक “रियासत-ए-विजयराघवगढ़” का सफल मंचन आज शहीद स्मारक प्रेक्षागृह, गोल बाजार, जबलपुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ निर्धारित समयानुसार सायं 6 बजे रंगाभरण थिएटर के सदस्य द्वारा स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी उपस्थित दर्शकों एवं कलाकारों ने एक साथ खड़े होकर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया तथा तत्पश्चात पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया गया। संगीत नाटक अकादमी एवं संस्कृति मंत्रालय की ओर से प्राप्त शुभकामना संदेशों का वाचन भी इस अवसर पर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती मनीषा लुम्बा (क्षेत्रीय संचालक, महिला संसाधन, जबलपुर) तथा सुश्री शिवानी मौर्य (सहायक संचालक, संभागीय बाल भवन, जबलपुर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए इस प्रकार के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नाटकों को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया। निर्देशक अक्षय सिंह ठाकुर के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में विजयराघवगढ़ रियासत के वीरतापूर्ण योगदान और बलिदान की गाथा को प्रभावशाली अभिनय, संगीत, प्रकाश एवं रंगमंचीय शिल्प के माध्यम से जीवंत किया। प्रस्तुति के दौरान अनेक मार्मिक एवं ओजपूर्ण दृश्यों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया, वहीं कलाकारों के सशक्त अभिनय को बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा गया। नाटक के समापन के उपरांत अतिथियों द्वारा कलाकारों का सम्मान किया गया तथा पूरी टीम को इस उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम का समापन पुनः ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रीय गान के साथ राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए हुआ।
इस संपूर्ण आयोजन का रंगाभरण थिएटर के आधिकारिक यूट्यूब चैनल तथा फेसबुक पेज पर सफलतापूर्वक सीधा प्रसारण (Live Webcast) भी किया गया, जिससे देश-विदेश के दर्शकों ने इस ऐतिहासिक प्रस्तुति का आनंद लिया। रंगाभरण थिएटर ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली, संभागीय बाल भवन, जबलपुर, समस्त अतिथियों, सहयोगियों, कलाकारों, तकनीकी टीम, मीडिया प्रतिनिधियों तथा सभी दर्शकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। यह प्रस्तुति भारतीय इतिहास, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक प्रयास सिद्ध हुई।



