राम लीला मंडल द्वारा दीपावली मिलन समारोह में सांसद ने किया पटकथा का विमोचन

छिंदवाड़ा जबलपुर दर्पण । श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन लीलाओं का तीन दिवसीय भव्य मंचन आगामी दिसम्बर माह में 13,14 एवं 15 को पवित्र नगरी अयोध्या धाम में किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर मंडल के कलाकारों एवं पदाधिकारियों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
मंडल के अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि अयोध्या में होने वाला यह आयोजन छिंदवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यहां के कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक न होकर, सांस्कृतिक एकता और लोक परंपरा का भी प्रतीक होगा। इसी तारतम्य में श्री बड़ी माता मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह के अवसर पर रामलीला मंचन की पटकथा का विमोचन छिंदवाड़ा-पांढुर्णा संसदीय क्षेत्र के सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा किया गया।
सांसद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि छिंदवाड़ा की यह रामलीला मंडल क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है, और अयोध्या में इसका मंचन क्षेत्र का मान बढ़ाएगा। इस मंचन हेतु मंडल को पूरा सहयोग रहेगा। सांसद द्वारा मंडल के सदस्यों हेतु अयोध्या जाने एवं आने के लिए 2 सुविधाजनक बसों की व्यवस्था की घोषणा की साथ ही उन्होंने दिनांक 13 दिसंबर को अयोध्या में प्रथम दिवस धनुष यज्ञ में माता सीता के पिता राजा जनक का अभिनय करने के लिए भी स्वीकृति प्रदान की। पटकथा का संकलन शशांक दुबे द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर मंडल के संरक्षक कस्तूरचंद जैन, राजू चरणागर एवं सतीश दुबे लाला सहित श्री रामलीला मंडल के सभी पदाधिकारी, कलाकार एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। दीपावली मिलन समारोह में मंडल के सदस्यों ने आगामी यात्रा एवं मंचन की तैयारियों पर भी चर्चा की।



