लोगों को आयुष पद्धति से उपचार के लिए प्रेरित करेंः राज्यमंत्री श्री कांवरे

आयुष तथा जल संसाधन मंत्री ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा
मण्डला। आयुष (स्वतंत्र प्रभार) तथा जल संसाधन राज्य मंत्री रामकिशोर ’नानो’ कांवरे ने आयुष तथा जल संसाधन विभाग से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की। जिला योजना भवन में संपन्न हुई विधायक मंडला देवसिंह सैयाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आयुष विभाग की समीक्षा करते हुए श्री कांवरे ने स्वास्थ्य केन्द्रों के व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी पर आने वाले मरीजों की संख्या के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि लोगों को आयुष पद्धति से उपचार कराने के लिए प्रेरित किया जाए। व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए आयुष पद्धति से उपचार सेे होने वाले फायदे के संबंध में जनसामान्य को अवगत कराएं। लोगों को आयुर्वेद से होने वाले फायदे के संबंध में भी जानकारी दी जाए। लोगों को घरों में औषधि पौधे लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विभागीय गतिविधियों के क्रियान्वयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सहयोग लेने की भी बात कही। श्री कांवरे ने नवीन स्वास्थ्य केन्द्रों के संबंध में नियमानुसार प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
शासकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण-आयुष मंत्री श्री रामकिशोर नानो कांवरे ने जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी का भी निरीक्षण किया एवं इलाज करवाकर गए मरीज श्री रमेश सिंगरौरे से मोबाइल पर बात कर चिकित्सालय में इलाज के दौरान प्राप्त सुविधाओं, डॉक्टर तथा स्टॉफ के व्यवहार के बारे में फीडबैक लिया। आयुष मंत्री श्री कांवरे ने कहा कि जिले में पंचकर्म इकाई को अधिक उपयोगी एवं लोकप्रिय बनाने मे सबको अपना योगदान देना होगा। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुष अधिकारी श्रीमती डॉ बिन्दु धुर्वे, जिला आयुष अधिकारी मंडला डॉ जीतेन्द्र पंद्रे एवं कार्यालयीन स्टॉफ उपस्थित रहे।
केनाल के रखरखाव पर विशेष ध्यान दें-जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुष (स्वतंत्र प्रभार) तथा जल संसाधन राज्य मंत्री श्री रामकिशोर ’नानो’ कांवरे ने निर्देशित किया कि सिंचाई संबंधित सभी परियोजनाओं को समय सीमा में पूर्ण करें। संचालित योजनाओं तथा केनाल के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जिले में रबी तथा खरीफ फसलों के लिए सिंचाई सुविधा के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। श्री कांवरे ने प्रस्तावित योजनाओं से जिले के सिंचाई रकबे पर होने वाले संभावित इजाफे पर भी विभागीय अधिकारियों से प्रश्न किए।



