भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का संस्कारधानी में भव्य स्वागत हो:वीडी शर्मा

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा के आगमन की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न।
जबलपुर दर्पण नप्र। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जबलपुर आगमन पर ऐतेहासिक और भव्य स्वागत हो इसकी जिम्मेदारी आप सभी की है, यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साँसद विष्णुदत्त शर्मा ने जबलपुर नगर एवँ ग्रामीण के संयुक्त बैठक में कही। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मप्र में तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरा है। जिसमे से दो दिन वह जबलपुर के प्रवास में रहेंगे। पीएम श्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा के आह्वान पर युवाओ को जोड़ने का कार्य यूथ कनेक्ट कार्यक्रम के माध्यम से कर रहे है। जबलपुर संभाग के 9 संगठनात्मक जिलों से लगभग 15 हजार युवाओ को जोड़ा जाएगा जो विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे है इनमें विधि, चिकित्सा,खेल,आंत्रप्रेन्योर, इंजीनियर को आमंत्रित किया जाएगा जिन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे। आगामी पंचायत एवँ नगरीय निकाय के चुनाव में हमारे कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और हर बूथ पर हमारा कार्यकर्ता चुनाव लड़ेगा। बैठक को प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संबोधित करते हुए कहा कि 1951 में 10 से 12 लोगो के साथ जनसंघ के रूप में शुरू हुई पार्टी में आज करोड़ो सदस्य है उन सदस्यों का उपयोग कब और कैसे करना है यह बात महत्वपूर्ण है। श्री नड्डा का अध्यक्षीय प्रवास आगामी 1 जून को प्रातःभोपाल आगमन से होगा जहाँ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को जबलपुर आगमन होगा,दूसरे दिन 2 जून को राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा द्वारा आयोजित “युथ कनेक्ट” कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष एक मंडल की बैठक तथा एक बूथ की बैठक को भी संबोधित करेंगे साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग के कार्यकर्ता के निवास पर चाय पर भी जाएंगे। बैठक को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष साँसद राकेश सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि हम सौभाग्यशाली है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन जबलपुर हो रहा है। संस्कारधानी की गरिमा के अनुरूप उनका भव्य और ऐतेहासिक स्वागत हो इसका प्रयास हम सबको मिलकर करना होगा।




