हिंदी पत्रकारिता दिवस आज

आशीष जैन
आज से लगभग 200 पूर्व अंग्रेजों के शासन काल में 30 मई 1826 के दिन हिंदी भाषा में पहला समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन साप्ताहिक पत्र के रूप में हुआ था। कलकता के कोलू टोला मोहल्ले की 37 नंबर आमड़तल्ला गली से मंगलवार को प्रकाशित होता था। ‘उदन्त मार्तण्ड’ का शाब्दिक अर्थ होता है “उगता सूरज”। उस समय अंग्रेजी, फारसी और बांग्ला में तो अनेक समाचारपत्र का प्रकाशन होता था, परंतु हिंदी भाषा का नहीं। इस लिये उत्तर प्रदेश के कन्नौज के रहने वाले विशुद्ध ब्राह्मण पं. जुगल किशोर शुक्ल जी ने ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन किया। शुक्ल जी सभी भाषाओं के जानकार थे। मार्तंड छापाखाना से प्रकाशित व मुद्रित इस समाचार पत्र के प्रत्येक अंग का मूल्य 5 पैसे था, हर अंग में एक श्लोक छपता था। बृज और खड़ी बोली में समाचार लिखे जाते थे। अंतिम पेज में हिंदी के दोहे और बाजार भाव दिए रहते थे। पंडित जुगल किशोर शुक्ला ने अखबार निकालने के लिए फरवरी में आवेदन दिया था। जिसके आधार पर अंग्रेजी सरकार ने प्रकाशन की अनुमति एवं लाइसेंस दिया।
भारत सहित दुनिया का पहला हिंदी समाचार पत्र उदंत मार्तंड के द्वारा इतिहास रचते हुए पंडित जुगल किशोर शुक्ला ने पैसों की कमी के कारण एक वर्ष सात माह बाद इसका प्रकाशन बंद कर दिया। उस समय कोलकाता में हिंदी भाषियों की जनसंख्या जितनी भी हो पर उन्हें पैसे खर्च करके इसे पढ़ने की आवश्यकता नहीं पड़ी। किसी भी धनी व्यक्ति व शासकीय आर्थिक सहायता नही मिलने के कारण अखबार बंद हो गया। हालांकि मिशनरी समाचार पत्रों को अंग्रेज सरकार आर्थिक सहायता एवं डाँक खर्चों में छूट देती थी। अंतिम प्रकाशित अंक मैं शुक्ला जी ने समाचार पत्र बंद करने की पाठकों को जानकारी दी थी।
वर्तमान समय में हिंदी भाषा के हजारों दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक, मासिक पत्र आदि पत्र पत्रिकाओं का हिंदी भाषा में प्रकाशन हो रही हैं। अंग्रेजों के शासन काल से लेकर वर्तमान आधुनिक समय मैं समाचार पत्र पत्रिका के प्रकाशन वितरण प्रस्तुतीकरण एवं प्रदर्शन मैं बहुत परिवर्तन आ चुका है। उन कठिन प्रतिकूल परिस्थितियों से लेकर वर्तमान समय तक का हिंदी भाषा में समाचार पत्र और पत्रिकाओं का नियमित प्रकाशन होता चला आ रहा है। भाषाई स्वरूप व गुणवत्ता आधुनिकता के साथ बदलाव को ही हिंदी पत्रकारिता का विकास कहा जा सकता है। इन्हीं के साथ दैनिक जबलपुर दर्पण परिवार की ओर से हिन्दी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएंँ।



