कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र में घायल हिरण ने बीच सड़क पर देखते ही देखते दम तोड़ा

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र कारोपानी के पास कल मंगलवार को सड़क दुर्घटना में घायल हिरण ने देखते ही देखते दम तोड़ दिया, और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी फॉरेस्ट विभाग को देने के बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम ने हिरण की शव का पंचनामा बनाते हुए कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाने के लिए ले जाया गया,जहां बाद में हिरण का अंतिम संस्कार विभागीय अमला की मौजूदगी में कराया गया। बताया गया कि डिंडोरी अमरकंटक मार्ग पर कारोपानी के पास बड़ी संख्या में हिरणों की प्रजाति पाई जाती है, जिससे क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र घोषित किया गया है, बावजूद कल एक हिरण की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जहां घटना के बाद बड़ी संख्या में घटना-स्थल पर लोग जमा हो गए थे। गौरतलब है कि सड़क दुर्घटना में यह केवल पहले हिरण की मौत होने का मामला नहीं है,इससे पहले भी सड़क दुर्घटनाओं में कई हिरणों की मौत हो चुकी है।अब सवाल उठा रहा हैं की आख़िर संरक्षित क्षेत्र में हिरणों की सुरक्षा के लिए कोई उचित प्रबंध क्यों नहीं किए गए, जबकि कृष्ण मृग संरक्षित क्षेत्र से ही डिंडोरी अमरकंटक राजमार्ग गुजरता है, जहां सड़कों पर हिरणों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस प्रबंध नहीं है और ना ही हिरणों की देखरेख व सुरक्षा के लिए लम्बे समय से कोई पहल नहीं हो रही, जिससे संरक्षित क्षेत्र से दिनों दिन हिरणों की प्रजाति कम होती जा रही है।



