सरई: ठरकठेला गांव में अवैध यूरिया खाद का भंडारण, 22 बोरी जब्त

सिंगरौली जबलपुर दर्पण । सरई थाना क्षेत्र के ग्राम ठरकठेला में अवैध रूप से यूरिया खाद का भंडारण और काला बाजारी करने का मामला सामने आया है। पुलिस को गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में खाद बरामद हुई है।
छापेमारी में 22 बोरी जब्त
29 अगस्त 2025 को मिली सूचना के आधार पर तहसीलदार सरई चंद्रशेखर मिश्रा और थाना सरई पुलिस की संयुक्त टीम ने ठरकठेला निवासी हरिप्रसाद साहू (32 वर्ष) के मकान पर छापा मारा। जांच में मकान से 22 बोरी यूरिया खाद बरामद की गई। जब आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने खाद की सभी बोरियां तत्काल जब्त कर ली हैं और मामले की आगे की कार्रवाई खाद विभाग द्वारा की जा रही है।
146 बोरियों की अनियमितता की आशंका
जिला कृषि अधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को गजराबहरा स्थित एक निजी खाद दुकान से खाद वितरण का आवंटन किया गया था। पूछताछ के आधार पर लगभग 146 बोरियों की अनियमितता की भी बात सामने आ रही है।
फिलहाल पुलिस और खाद विभाग की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



