मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, काली स्टीकर लगाकर पत्रकारों ने जताया विरोध

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। डिंडोरी जिला कलेक्टर रत्नाकर झा पर मीडिया रिपोर्टर से बदसलूकी करने के आरोप लग रहे हैं। मामले के बाद आक्रोशित जिले के पत्रकारों ने काली स्टिकर लगाकर विरोध जताया और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि पिछले दिनों मंगलवार को मीडिया कर्मी दीपक ताम्रकार के द्वारा कलेक्ट्रेट से मीडिया रिपोर्ट के लिए फोटो विजुअल जुटाए जा रहे थे, इसी दरमियान एक बैगा महिला परेशानी को लेकर कलेक्टर चेंबर में पहुंच गई, जहां की वीडियोग्राफी मीडिया कर्मी के द्वारा की जा रही थी, जिसे देख कलेक्टर नाराज हो गए और मीडिया कर्मी को कैमरा बंद कर चले जाने की हिदायत देने लगे। पूरे घटनाक्रम के बाद पत्रकारों ने घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की है। गौरतलब है कि कलेक्टर के खिलाफ विरोध दर्ज व ज्ञापन सौंपने के दौरान जिले भर मैं कार्यरत पत्रकार जिला मुख्यालय पहुंचे थे, जहां एक स्वर में सभी पत्रकारों ने घटना की निन्दा करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है।
कलेक्टर के सामने खड़े के खड़े रह गए विधायक, कुछ भी बोलना नहीं समझें मुनासिब-मंगलवार को हुई पूरे घटनाक्रम के बाद कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने पूरे घटनाक्रम की निंदा करते हुए कलेक्टर के व्यवहार को गलत ठहराया है। मामले को लेकर कांग्रेस कमेटी द्वारा पत्र जारी करते हुए मीडिया कर्मी के साथ की गई अभद्रता को दुर्व्यवहार बताया है। ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों की एक निजी बैठक में मीडिया से बदसलूकी के बाद भी जिले के जन-प्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों की खामोशी पर दुःख व्यक्त किया गया। बताया गया कि मीडिया कर्मी से हुई बदसलूकी के मामले के पूरे घटनाक्रम में क्षेत्रीय विधायक ओमकार मरकाम भी कलेक्टर के सामने खड़े के खड़े रह गए, विधायक भी कुछ भी कहना मुनासिब नहीं समझें, जिसे लेकर भी अब सवाल उठाए जा रहे हैं। बैठक के बाद सभी पत्रकारों ने सर्व सम्मति से निर्णय लिया कि आने वाले समय में प्रशासन और राजनैतिक समाचारों का बहिष्कार किया जाएगा।



