जल जीवन मिशन मुख्यमंत्री श्री चौहान की पहली प्राथमिकता:कलेक्टर

घर-घर पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित करें
जबलपुर दर्पण नप्र। जिला कलेक्टर डॉ.इलैयाराजा टी ने आज जल निगम द्वारा बनाये जा रहे पायली प्रोजेक्ट के अंतर्गत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व मगरधा स्थित इंटेकवेल के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों के तहत किये गये कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि घर-घर समय पर पेयजल सुनिश्चित हो जाये इसलिए प्रोजेक्ट से जुड़े कार्यों को समय पर प्राथमिकता से व गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि जो माइक्रो प्लान बनाये गये हैं उसके आधार पर तेजी से कार्य हों। लेकिन कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का कोई समझौता न करें। कलेक्टर ने कहा कि मटेरियल का लैब में जांच हो साथ ही कुशल मेन पावर पर भी ध्यान दें। इलेक्ट्रोमेक्निकल का कार्य भी समय पर सुनिश्चित हो जाये। उन्होंने कहा कि पाइप लाइन मई में गुणवत्ता के साथ पूरा हो जाये। इस दौरान प्रोजेक्ट से जुडे अधिकारी, ठेकेदार व एलएनटी कंपनी के पदाधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर डॉ.इलैयाराजा टी ने आज कलेक्टर सभागार में जल जीवन मिशन की समीक्षा की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के अधिकारियों के साथ ठेकेदार भी उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान सभी जनपदों से जल जीवन मिशन अंतर्गत किये गये कार्यों के प्राप्त फोटो के आधार पर एक-एक ग्राम पंचायत की वृहद समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा जल जीवन मिशन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्राथमिकता में हैं अत: इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो,लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर कार्यवाही करें, ब्लैकलिस्टेड करें। साथ ही निम्न गुणवत्ता के मटेरियल या पाईप आदि होने पर संबंधित कंपनी को भी ब्लैकलिस्टेड करें। जल जीवन मिशन के शेष कार्यों को जल्दी शुरू करें क्योंकि मुख्य उदे्श्य मिशन को पूरा कर लोगों को घर-घर पेय जल सुनिश्चित करना हैं। इसमें यदि कहीं भी लापरवाही हो रही हैं तो तत्काल इसकी जानकारी दें,ताकि आवश्यक कार्यवाही की जा सकें। कार्य में लापरवाही करने वाले इंजीनियर व सब इंजीनियर पर जिला कलेक्टर ने की कार्यवाही। सब इंजीनियर टोनी रावत शहपुरा के कार्य में लापरवाही पर कलेक्टर ने कार्यपालन यांत्रिकी लोक स्वास्थ्य को निर्देश दिया कि उसके सात दिन के वेतन राजसात करने के साथ नोटिस दिया जाये। सब इंजीनियर केके निगम व सहायक यंत्री बीसी गुप्ता के एक-एक दिन के वेतन काटने को भी कहा और निर्देश दिये कि अगले सप्ताह सभी इंजीनियर व सहायक यंत्री अपने टूर डायरी लेकर उपस्थित होवें। समीक्षा के दौरान अच्छा कार्य करने वाले ठेकेदारों की सराहना भी की गई तथा कम प्रगति दिखाने वाले ठेकेदारों पर नाजारगी भी जाहिर की गई।


