चैत्र नवरात्र पर मां वीरासन देवी मंदिर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, नौ दिनों तक लगेगा भव्य मेला

सतीश चौरसिया उमरियापान । चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर सिलौड़ी के समीप स्थित प्रसिद्ध मां वीरासन देवी मंदिर में नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ हो गया है । हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कटनी जिले सहित आसपास के कई क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं । नवरात्र के पहले दिन से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं । सुबह होते ही श्रद्धालु स्नान-ध्यान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मां के चरणों में अर्पित कर रहे हैं । पूरे क्षेत्र में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया है । मंदिर के मुख्य पुजारी सौरभ दुबे ने बताया कि मां वीरासन देवी का यह मंदिर वर्षों से अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है । उन्होंने बताया कि उनके दादाजी ने लगभग 60 वर्षों तक मां की सेवा की और अब यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है । मंदिर से जुड़ी कई चमत्कारी कथाएं भी प्रचलित हैं, जो भक्तों की श्रद्धा को और गहरा करती हैं । पुजारी के अनुसार, सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत यहां पूरी होती है । एक समय ऐसी मान्यता भी रही कि मां वीरासन जरूरतमंद भक्तों की आर्थिक सहायता करती थीं, जिसे पूरा होने के बाद श्रद्धालु वापस कर देते थे । यह परंपरा इस मंदिर की विशेष आस्था और विश्वास का प्रतीक मानी जाती है । नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती पाठ, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक आयोजन आयोजित किए जाएंगे । मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा न हो ।



