बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा नहीं मिला तो आत्महत्या के लिए मजबूर होंगे किसान — मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

रीवा जबलपुर दर्पण । बेमौसम बारिश से फसलें बर्बाद होने के बाद मुआवजा न मिलने से आक्रोशित किसानों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए अपना दर्द व्यक्त किया। किसानों ने तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही राहत एवं मुआवजे की कार्यवाही नहीं की गई, तो वे सामूहिक धरना देने और आत्महत्या जैसे चरम कदम उठाने को विवश होंगे।
आक्रोशित किसानों ने तहसील कार्यालय के सामने अपनी खराब फसलों के बंडल रखकर विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि बेमौसम वर्षा के कारण खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। किसानों ने मांग की कि प्रशासन तत्काल सर्वे कराए और प्रत्येक प्रभावित किसान को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
तहसीलदार ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए किसानों को आश्वासन दिया कि सभी प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जाएगा तथा पात्र किसानों को शीघ्र ही मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में पदमदीप शुक्ल (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस रायपुर कर्चुलियान), वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरिशंकर शुक्ल, किसान नेता उमेश सिंह, जनपद सदस्य शैलेन्द्र सिंह, नंदकेशवर मिश्रा, ऋषि पाण्डेय, राजेश तिवारी, राजनिवास तिवारी, शिवशंकर तिवारी, गणेश पटेल सहित सैकड़ों किसान शामिल रहे।
किसानों ने कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी समस्याओं पर त्वरित कार्यवाही नहीं की, तो वे आगामी दिनों में बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



