बे-मौसम बारिश से धान फसल बर्बाद, प्रशासनिक टीम के साथ खेतों में पहुँचे जितेन्द्र ‘जित्तू’ चौधरी

बालाघाट जबलपुर दर्पण । जिला मुख्यालय के निकटस्थ ग्राम सुरवाही में अचानक हुई बे-मौसम तेज बारिश के कारण किसानों की धान फसल को भारी नुकसान पहुँचा है। फसल क्षति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व सरपंच एवं मंडी सदस्य जितेन्द्र ‘जित्तू’ चौधरी स्थानीय पटवारी, ग्राम सेवक एवं प्रशासनिक टीम के साथ सुरवाही के विभिन्न खेतों में पहुँचे और प्रभावित फसलों का मुआयना किया।
राहत की हर मुमकिन कोशिश
मुआयना के दौरान कई खेतों में पानी भर जाने तथा कटी-अकटी धान की फसल के गिरने की स्थिति सामने आई। श्री चौधरी ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएँ सुनीं और कहा कि एक किसान होने के नाते वे इस पीड़ा को भली-भाँति समझते हैं। विपदा की घड़ी में किसानों को फौरी राहत दिलाने हर मुमकिन कोशिश उनके द्वारा की जाएगी।
अनाज का हर दाना, किसान की तपस्या का ख़ज़ाना: जितेन्द्र चौधरी
मध्यप्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि सभी प्रभावित किसानों के लिए राहत राशि की शीघ्र घोषणा की जाए, जिससे किसानों को समय पर सहायता मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके। आगे जितेन्द्र चौधरी ने कहा, “अनाज का हर दाना, किसान की तपस्या का ख़ज़ाना।” उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में वे पूर्ण रूप से उनके साथ खड़े हैं।



