चार महीने से राशन बंद, नाराज़ ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग किया जाम,दो घंटे तक ठप रहा आवागमन

सिंगरौली जबलपुर दर्पण । नौगढ़ क्षेत्र में उचित मूल्य दुकान की अनियमितताओं को लेकर नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर बैढ़न-परसोना मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय कोटेदार पिछले चार महीनों से राशन उपलब्ध नहीं करा रहे, जबकि अंगूठा लगवाकर वितरण दिखा दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार इस स्थिति के कारण परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट उत्पन्न हो गया है। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तहसीलदार सविता यादव, कोतवाली टीआई अशोक सिंह परिहार, उपनिरीक्षक उदय चंद्र करिहार और चौकी प्रभारी खुटार शीतला यादव सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और जाम खुलवाया।
एक ग्रामीण महिला ने बताया कि चार महीनों से अंगूठा लगवाकर भी राशन नहीं मिल रहा, जिससे बच्चों के भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है। अन्य ग्रामीणों ने भी कोटेदार को हटाने की मांग की।
इस मामले पर खाद्य अधिकारी पी.सी. चंद्रवंशी ने कहा कि विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार दुकान पर नियमित रूप से राशन भेजा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि ग्रामीणों को वास्तव में राशन नहीं मिला है, तो इसकी जांच कर संबंधित कोटेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा जांच के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया, लेकिन उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो विरोध और उग्र रूप ले सकता है। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में उचित मूल्य दुकानों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



