ग्राम पंचायत खारी में किसानों को रबी में कम पानी वाली फसलें लगाने के लिए किया गया जागरूक

बालाघाट जबलपुर दर्पण । लालबर्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत खारी में 5 दिसंबर को किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कृषि अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने किसानों को रबी सीजन में बोई जाने वाली फसलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान किसानों को बताया गया कि रबी मौसम में धान की जगह चना, गेहूँ तथा अन्य लाभकारी रबी फसलें लगाने से उत्पादन बढ़ेगा और लागत में भी कमी आएगी। विशेषज्ञों ने रबी फसलों की उन्नत किस्मों, आधुनिक बीज उपचार तकनीकों तथा सिंचाई प्रबंधन के महत्व पर भी मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही किसानों को पराली प्रबंधन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए यह भी समझाया गया कि पराली को खेतों में जलाना पर्यावरण के लिए हानिकारक है। इसलिए पराली को खाद बनाने, मल्चर या अन्य कृषि यंत्रों के उपयोग से खेत में मिलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया और कृषि संबंधी उपयोगी जानकारी प्राप्त की। किसान भाइयों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें आधुनिक और लाभकारी खेती अपनाने में मददगार साबित होते हैं।



