शिवसेना ने सिविल सर्जन के चेहरे पर पोती कालिख

सीधी जबलपुर दर्पण । शिवसैनिकों ने जिला चिकित्सालय की लचर व्यवस्था को लेकर कड़ा विरोध जताया है, शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने सिविल सर्जन डॉ एस बी खरे के चेहरे पर कालिख पोत दिया। यह खबर जिले में आग की तरह फैल गई, मजे कि बात यह रही कि सिविल सर्जन डॉ एस बी खरे के चेहरे पर कालिख पोतने के बाद शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय अपने साथियों के साथ स्वयं जमोड़ी थानें में पहुंच कर गिरफ्तारी दी है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि यह विरोध का आगाज अभी शुरुआती है और आगे भी चलता रहेगा। मीडिया से चर्चा करते हुए विवेक पाण्डेय ने कहा किड्यूटी समय पर अस्पताल छोड़कर सिविल सर्जन डॉ एस बी खरे अपने निजी नर्सिंग होम में ड्यूटी दे रहे थे जिसकी जानकारी मुझे लोगों के द्वारा दी गई, जिस पर मैने यह फैसला किया कि अब विरोध प्रदर्शन करने से काम नहीं चलने वाला है जनता की समस्या के लिए कुछ और करना पड़ेगा। जब विवेक पाण्डेय से पूछा गया कि सिविल सर्जन डॉ एस बी खरे बता रहे हैं कि अपने निजी आवास पर मैं कुछ जरूरी कागजात लेने के लिए आया था तो श्री पाण्डेय ने कहा कि उनका निजी आवास कहा है यह सभी को पता है, जहां वह मिले है वह उनका निजी नर्सिंग होम हैं। मुझे भी पता है कि उनका आवास कहा हैं।
सिविल सर्जन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज-जिला अस्पताल से सिविल सर्जन डॉ. एसबी खरे के रिपोर्ट पर जमोड़ी थाना में चार नामजद एवं अन्य लोगों के विरुद्ध आपराधिक मामला पंजीबद्ध किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. खरे ने लिखित रिपोर्ट में कहा है कि आज सुबह करीब 10 बजे वे अपने शासकीय कार्य संपादन हेतु शासकीय वाहन क्रमांक एमपी 53 जेडए 8355 द्वारा ड्राइवर अंबुज कुमार पटेल एवं सहायक योगेन्द्र प्रजापति के साथ जैसे ही बैठने लगे शिवसेना के पदाधिकारी विवेक पाण्डेय अपने 8-10 साथियों के साथ नारेबाजी करते हुए उन्हें पकड़ लिया और गाली-गलौच करते हुए काले रंगे के डब्बे से उनके ऊपर पेट्रोलियम पदार्थ डालकर अपमानित किया। चेहरे एवं वदन पर यह पेट्रोलियम पदार्थ विवेक पाण्डेय ने अपने हांथों से लगाया। वहीं अपने साथियों के साथ जान से मारने की धमकी दी। ड्राइवर एवं सहायक द्वारा बीच-बचाव किया तो विवेक अपने साथियों के साथ मौके से भाग गया। जमोड़ी थाना पुलिस ने आरोपी आकाश परांडे, रोहित साहू, मनीष बघेल, विवेक पाण्डेय एवं अन्य लोगों के विरुद्ध धारा 126(2), 296, 351(2), 351(3), 132, 191(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
शिवसेना ने पहले ही चेताया था-शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय ने जिला चिकित्सालय की लचर व्यवस्था में सुधार न होने पर सिविल सर्जन डॉ एस बी खरे के निजी नर्सिंग होम पर पहुंच कर कालिख पोत कर कड़ा विरोध जताया है। बता दें कि आए दिन जिला चिकित्सालय सहित जिले प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उपचार के आभाव तथा चिकित्सकों कि लापरवाही से मौत की खबर आ रही थी, जिसको लेकर पूर्व में भी शिवसेना द्वारा ज्ञापन सौंप कर विरोध जताते हुए अस्पताल सहित जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए चेताया था लेकिन जब कोई परिवर्तन नहीं दिखा तो वह सिविल सर्जन डॉ एस बी खरे के चेहरे पर कालिख पोत कर विरोध जताया है।
इनका कहना है।
सिविल सर्जन की लिखित शिकायत पर चार नामजद एवं अन्य लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में आपराधिक मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। मामले में जो भी साक्ष्य आएंगे उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जावेगी।
दिव्यप्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी जमोड़ी।



