सड़क दुर्घटना में कमी लाने हेतु चलाया जा रहा है विशेष अभियान

जबलपुर दर्पण । सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग न करना है। आंकड़ों के अनुसार लगभग 50 प्रतिशत मृतकों मे दोपहिया वाहन चालक शामिल होते हैं, जो हेलमेट नही पहनते हैं। इसे गंभीरता से लेते हुये पुलिस विभाग ने सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। पुलिस परिवहन शोध संस्थान, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं मे कमी लाने एवं दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट धारण करने की अनिवार्यता को लेकर प्रदेश मे दिनांक 26.04.2026 से 10.05.2026 तक विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिये गये हैं ।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशो के तहत पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा सड़क दुर्घटनाओं मे कमी लाने हेतु अभियान के रूप में पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक चालानी कार्यवाही के साथ ही पीओएस मशीन से ही ड्रायविंग लायसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग की ओर भेजा जाना सुनिश्चित किये जाने एंव शैक्षणिक संस्थानों मे हेलमेट की अनिवार्यता व यातायात नियमों के प्रति जागरुकता का अभियान चलाया जाकर फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किये जाने हेतु आदेशित किया गया है।
आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक (मालवीय चौक, गढा, घमापुर) एवं यातायात के तीनों थाना प्रभारियों द्वारा टीम बनाकर जसूजा सिटी, महाराजपुर फॉरेस्ट नाका के पास, तथा पाटन बायपास में दो पहिया वाहन चालकों जिन्होने हेलमेट धारण नही किया था के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए आज दिनांक 29-4-26 को बस स्टैंड तिराहे पर हेलमेट पहनने वाले चालकों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भेंट किया गया। विजयनगर क्षेत्र अंतर्गत लाइफलाइन एनजीओ फाउंडेशन द्वारा स्किल डेवलपमेंट के अंतर्गत कार्यरत महिला कर्मियों हेतु सड़क सुरक्षा, यातायात जागरूकता एवं महिला सुरक्षा विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम रिटायर्ड डीएसपी श्री सुनील नेमा की पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्री संतोष शुक्ला द्वारा महिला कर्मचारियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं वाहन चलाने के दौरान बढ़ती जा रही सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक सावधानियों के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया एवं महिला सुरक्षा विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसके साथ ही पुराना बस स्टैंड, तिराहा एवं गोरा बाज़ार रोड पर चालानी कार्रवाई की गई। जिसमें 93 चालकों का हेलमेट न पहनने पर चालान कर 27900 राशि वसूली गई तथा 23 प्रकरण लाइसेंस निलंबन हेतु पीओएस मशीन के माध्यम से आरटीओ भेजे गए यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



