दबंगों से परेशान ग्राम कोटवार कलेक्टर के पास पहुंचा आवेदन लेकर

गोटेगांव जबलपुर दर्पण । विगत दिवस 22 अगस्त 2025 गोटेगांव विधानसभा के थाना ठेमी अंतर्गत ग्राम सगरा के ग्राम कोटवार श्रीराम मेहरा ने गाँव के दबंगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर शीतला पटले को लिखित शिकायत सौंपी है कोटवार ने बताया कि वह राजस्व विभाग द्वारा सौंपे गए कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहा है, लेकिन ग्राम के दबंग उससे बेगारी जैसे काम करवाने के लिए दबाव डालते हैं। शिकायत में कहा गया कि शादी-विवाह, लगुन, फलदान जैसे कार्यक्रमों में दरी-गद्दे बिछाना, कुर्सियाँ लगाना,गाँव वालों को बुलाना,यहाँ तक कि किसी की मृत्यु होने पर शोक संदेश बाँटना और 13 दिन तक मृतक परिवार के कामकाज की जिम्मेदारी भी जबरन थोप दी जाती है।ग्राम कोटवार ने यह भी आरोप लगाया कि दबंग लोग उसे अनैतिक कार्यों के लिए मजबूर करते हैं और मना करने पर डराते-धमकाते हैं तथा गाँव से बाहर निकालने की धमकी देते हैं।श्रीराम मेहरा ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि दोषी दबंगों पर सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे अपने वास्तविक सरकारी कर्तव्यों का निर्वहन बिना किसी दबाव के कर सकें।



