मालदीव के संसदीय शिष्टमण्डल की द्विपक्षीय वार्ता में सांसद आशीष दुबे ने की सहभागिता

जबलपुर दर्पण। दिल्ली में आज मालदीव की पीपुल्स मजलिस (संसद) के अध्यक्ष अब्दुल रहीम अबदुल्ला के साथ मालदीव के संसदीय शिष्टमण्डल को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में हुई द्विपक्षीय वार्ता में जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने सहभागिता की। इस दौरान हिन्द महासागर तट पर बसे दोनों पड़ोसी देशों की सकारात्मक वातावरण में महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक वार्ता संपन्न हुई। देश की विभिन्न पार्टियों के सांसदों के पांच सदस्यीय शिष्टमंडल में जबलपुर सांसद आशीष दुबे ने भाजपा का प्रतिनिधित्व किया। इस द्विदेशीय द्विपक्षीय वार्ता में प्रतिनिधि के रूप में सहभागिता जबलपुर संसदीय क्षेत्र के लिए अत्यंत ही गौरवपूर्ण प्रसंग है।



