अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के मालवाहकों से जर्जर हो गई ग्राम नैकिन की सडक़

सीधी जबलपुर दर्पण । अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री बघवार के भारी मालवाहकों के बड़े पैमाने पर आवाजाही से प्रधानमंत्री सडक़ नैकिन मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो चुका है। अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री बघवार प्रबंधन द्वारा प्रधानमंत्री सडक़ नैकिन मुख्य मार्ग से भारी मालवाहकों द्वारा रेलवे स्टेशन बघवार तक भारी मात्रा में क्लिंकर का परिवहन किया जाता है, जिस कारण सडक़ बहुत ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गई है। मार्ग में काफी मात्रा में गड्ढे हो गए है और नदी में सालों पहले बनी ढोला वाली पुल भी जर्जर हो गई है जिस कारण आम नागरिक का सडक़ पर गड्ढे, कीचड़ व धूल के कारण पैदल, साइकिल, बाइक एवं चार पहिया वाहनों द्वारा चलना काफी मुश्किल हो गया है। मुख्यमार्ग से जुड़ी हाइस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल एवं ग्राम पंचायत भवन भी है जिस कारण स्कूली छात्रों एवं राहगीरों के साथ किसी भी दिन कोई अप्रिय घटना हो सकती है। नैकिन के युवा समाजसेवी योगेश निगम एवं अन्य साथियों द्वारा उपखंड अधिकारी चुरहट को भी भारी मालवाहकों के प्रतिबंधात्मक आदेश वावत ज्ञापन सौंपा गया था किन्तु 10 दिवस बीत जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो सकी जिस कारण ग्रामीण जनों में काफी आक्रोश है। ग्रामीण जनों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री बघवार प्रबंधन द्वारा प्रधानमंत्री सडक़ नैकिन में भरी मालवाहकों के आने-जाने में प्रतिबंध लगाया जाए एवं क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराई जाए, वरना ग्रामजनों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।



