मैहर की सड़कों पर ‘हरियाली’ गड्ढों में पौधरोपण कर युवाओं ने दिखाई सरकार की हकीकत

मैहर जबलपुर दर्पण । मैहर की सड़कों ने आखिरकार पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना शुरू कर दिया है। गड्ढों में बारिश का पानी तो पहले से ही लबालब भरा था, अब युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष दिलीप दुबे की अगुवाई में उन गड्ढों में पौधे भी रोप दिए गए हैं। जाहिर है, जब सड़कें सुधारने की बजाय गड्ढे ही स्थायी हो जाएं तो उनका उपयोग ‘नेचर पार्क’ बनाने में क्यों न किया जाए! इस हरित क्रांति में कांग्रेस जिला अध्यक्ष धर्मेश घई, ब्लॉक अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी समेत कई कांग्रेसी भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर प्रशासन की गहरी नींद में खलल डालने की कोशिश की, लेकिन शायद नींद इतनी गहरी है कि गाड़ी पलट जाए, इंसान गिर जाए – फिर भी सरकार के कान पर जूं न रेंगती।स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना इस मार्ग से सैकड़ों वाहन गुजरते हैं और कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके हैं। मगर प्रशासन की नजरों में यह सड़क अब कोई मार्ग नहीं, बल्कि ‘प्राकृतिक अवरोधक युक्त पर्यटन स्थल’ बन चुकी है।युवाओं का व्यंग्य साफ था – जब सड़कें गड्ढों से पटी हों और सरकार उन्हें भरने के बजाय नजरें फेर ले, तो क्यों न उन्हें हरियाली से भरकर ‘विकास’ का नया उदाहरण पेश कर दिया जाए!



