शासकीय माध्यमिक स्कूल तगैड़ी में मिड-डे मील में घोटाला

टीकमगढ़ जबलपुर दर्पण । विकासखंड शिक्षा केन्द्र पलेरा के शासकीय माध्यमिक शाला तगैड़ी में मिड-डे मील को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। विद्यालय के बच्चों और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि समूह संचालक और जनशिक्षक की मिलीभगत से बच्चों के हक का मध्यान्ह भोजन गटका जा रहा है।
विद्यालय में मिड-डे मील का संचालन मां रतनगढ़ महिला स्वयं सहायता समूह,नुना द्वारा किया जा रहा है।इस समूह के पास तीन स्कूल और दो आंगनबाड़ी केंद्रों में खाना देने का जिम्मा सौंपा गया है। समूह संचालक अपने घर पर खाना बनाकर पांच अलग-अलग जगह खाना भिजवाने का काम करता है। बच्चों ने बताया कि हर रोज़ खाना कम पड़ जाता है और कई बार इण्टरबल समाप्त होने पर भी भोजन नहीं पहुँचता।
खाना खाने बैठे बच्चों को भी घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसा गया। कक्षा 5 की छात्रा अनुष्का यादव की दाल में बाल मिला, वहीं गौरव पाल के खाने में मरी हुई मक्खी निकल आई। बच्चों का कहना है कि मेनू के अनुसार भोजन नहीं बनाया जाता।
विद्यालय में कुल 96 छात्र-छात्राएं दर्ज हैं, लेकिन भोजन में लगातार गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही हैं। बच्चों और अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि समूह संचालक जिम्मेदारों को मोटी रकम देकर दादागिरी से काम कर रहा है और बच्चों से अभद्र व्यवहार कर धमकी देता है।
अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समूह को हटाकर किसी और समूह को मध्यान्ह भोजन की जिम्मेदारी सौंपी जाए,ताकि बच्चों को स्वच्छ और समय पर भोजन मिल सके।
इनका कहना है –
मैं स्वयं विद्यालय पहुंच कर औचक निरीक्षण कर एमडीएम की जांच करुंगा। यदि अनियमितताएं पाईं जाएंगी तो समूह हटाने का काम करूंगा।
मनीष जैन
एमडीएम प्रभारी जिला-टीकमगढ़।



