कृषि कार्य करते समय मृत्यु मानते हुए आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए : डॉ अभय यादव

टीकमगढ़ जबलपुर दर्पण । भाजपा संभाग प्रभारी चंबल एवं पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ अभय प्रताप सिंह यादव ने नगर पंचायत कारी पहुंचकर खाद वितरण केंद्र बड़ौरा घाट में हृदय गति रुकने से जमुना कुशवाहा जी के दुखद निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उनके परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉ अभय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी किसान हित में हर संभव प्रयास कर रहे हैं। डॉ अभय प्रताप सिंह ने कलेक्टर टीकमगढ़ से मांग की कि कृषक जमुना कुशवाहा की मृत्यु को कृषि कार्य करते समय मृत्यु मानते हुए मप्र राज्य कृषि वितरण बोर्ड भोपाल के तहत मुख्यमंत्री जीवन कल्याण योजना के अंतर्गत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि निकटतम वारिस को प्रदान की जाए। डॉ अभय प्रताप सिंह यादव ने कलेक्टर टीकमगढ़ से दोषी कर्मचारियों पर कार्यवाही करने की मांग करते हुए कहा कि इस समय डीएपी (एनपीके) की आवश्यकता ही नहीं पड़ती है, केवल यूरिया जरूरत होती है। पानी लगवाने के लिए। फिर भी 7 दिसंबर की रसीद में डीएपी (एनपीके) भी दे दिया गया। जिम्मेदारी से बचने के लिए झूठी रसीद बनाई गई। मृतक 4-5-6 तारीख में गया था, यूरिया नहीं मिला तो फिर 8 दिसंबर को पहुँचा था। उनके परिजनों ने बताया कि की मृतक कृषक जमुना कुशवाहा परिवार सहित 07 दिसम्बर को निज बहनोई के अंतिम संस्कार में बानपुर (उप्र) के आगे वीर गांव में गये हुए थे। रात्रि में वापस कारी लौटे थे। 07 दिसम्बर को वो बड़ोराघाट केंद्र पर गए ही नहीं थे, फिर रसीद कैसे बनी ? इसकी जांच कराई जानी चाहिए कि इस पर फिंगर प्रिंट किसके है। डॉ अभय प्रताप सिंह ने पटवारी शोभाराम अहिरवार एवं उनके साथी पटवारी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने कृषक जमुना कुशवाहा को समय पर जिला अस्पताल पहुचाकर उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया।



