छात्रों के समर्थन में उतरा एनएसयूआई, किया प्रदर्शन

सीधी,जबलपुर दर्पण । जिले के कॉलेजों में अव्यवस्था को लेकर एनएसयूआई ने छात्रों के साथ प्रदर्शन कर प्रशासन का विरोध किया हैं। सोमवार को कॉलेजों की बदहाल व्यवस्था, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षाओं की अव्यवस्था और छात्रावासों की नारकीय स्थिति से त्रस्त छात्रों ने एनएसयूआई के साथ सडक़ों पर उतरकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। छात्र नेता सौरभ सिंह चौहान जिलाध्यक्ष भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन सीधी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने कलेक्ट्रेट तक कूच किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि कॉलेजों में कक्षाएँ नियमित रूप से नहीं चल रहीं। अधिकांश शिक्षक महीनों से अनुपस्थित हैं। विज्ञान और तकनीकी विषयों की पढ़ाई के लिए बनी प्रयोगशालाएँ ताले में बंद हैं। लाइब्रेरी छात्रों के लिए उपयोगी नहीं रही। छात्रावासों की हालत इतनी खराब है कि वहाँ रहना मुश्किल हो गया है। ऊपर से परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है, जिससे छात्रों का भविष्य अधर में लटका है। हालांकि इस दौरान पुलिस ने रास्ता रोंकने का प्रयास किया जिस दौरान झड़प भी हुई। इसके बाद भी पुलिस बल प्रयोग कर छात्रों को घसीट-घसीट कर वाहनों में भरकर गिरफ्तारी की गई। इस दौरान छात्र नेता कमलेन्द्र सिंह, विजय सिंह बघेल, जीत सिंह चौहान, जय प्रकाश तिवारी जेपी, अमित सिंह सेंगर सहित सैकड़ों की संख्या में छात्रों की उपस्थिति रही।




