लीला स्कूल मड़वास के छात्र अर्पित ने किया कमाल नवोदय विद्यालय में 7वे रैंक में चयन

सीधी जबलपुर दर्पण । शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर लीला इंटरनेशनल स्कूल मड़वास ने अपनी उत्कृष्टता का परिचय दिया है। विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र अर्पित गुप्ता ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 में शानदार सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
अर्पित गुप्ता ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा मे जिला स्तरीय मेरिट सूची में रैंक 7 प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनका कुल स्कोर 93.75 रहा, जो उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। परीक्षा में अर्पित ने मानसिक क्षमता में 48.75 अंक, गणित में 22.50 अंक और भाषा विषय में 22.50 अंक प्राप्त किए। इस बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश हेतु चयनित किया गया है। यह उपलब्धि न केवल अर्पित के लिए, बल्कि उनके परिवार, विद्यालय और पूरे मड़वास क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। अर्पित के पिता अरविंद कुमार गुप्ता ने अपने बेटे की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमारे बेटे की मेहनत रंग लाई है और हमें उस पर गर्व है। विद्यालय के प्राचार्य ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लीला इंटरनेशनल स्कूल हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। अर्पित की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि अर्पित शुरू से ही पढ़ाई में तेज और अनुशासित छात्र रहा है। वह नियमित रूप से अपनी पढ़ाई करता था और हर विषय को गहराई से समझने की कोशिश करता था। विद्यालय में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। अन्य छात्रों के लिए भी यह प्रेरणा का स्रोत बन गया है। स्कूल प्रबंधन ने अर्पित को सम्मानित करने की घोषणा की है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।अर्पित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सकारात्मक वातावरण को दिया है। उन्होंने कहा कि मैं आगे भी इसी तरह मेहनत करता रहूंगा और देश का नाम रोशन करूंगा।



