भाजपा की वोट चोरी और चुनाव आयोग की मिलीभगत के खिलाफ एनएसयूआई का कलेक्टर कार्यालय घेराव

जबलपुर दर्पण । छात्र संघ चुनावों की बहाली और भाजपा द्वारा चुनाव आयोग के माध्यम से की जा रही कथित वोट चोरी के खिलाफ आज जबलपुर में एनएसयूआई ने उग्र आंदोलन किया। यह विशाल प्रदर्शन एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष श्री आशुतोष चौकसे के नेतृत्व और प्रदेश सचिव श्री प्रतीक गौतम के संयोजन में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत ऐतिहासिक टाउनहॉल परिसर से हुई। यहां पर एनएसयूआई पदाधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और लोकतंत्र बचाने का संकल्प लिया। इसके बाद जुलूस के रूप में छात्र बड़ी संख्या में नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच करने लगे। जुलूस में छात्रसंघ चुनाव बहाली, वोट चोरी बंद करो और लोकतंत्र बचाओ जैसे गगनभेदी नारे गूंजते रहे।घंटाघर में ही पहले ही भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान पुलिस बल के प्रदर्शनकारियों साथ तीखी झूमाझपटी शुरू हो गई। आधे घंटे से अधिक समय तक चली इस झड़प के दौरान छात्रों ने पीछे हटने से साफ इंकार कर दिया और लगातार नारेबाजी करते रहे।स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज कर दिया। अचानक हुए इस लाठीचार्ज में एनएसयूआई के दर्जनों छात्र कार्यकर्ता घायल हो गए, वहीं दूसरी ओर, पुलिस ने एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष श्री आशुतोष चौकसे सहित अनेक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सचिन रजक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्र संघ चुनावों से घबराई हुई है और चुनाव आयोग को दबाव में लेकर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। वोट चोरी, चुनाव स्थगन और छात्रों के मताधिकार से खिलवाड़ भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से किया गया षड्यंत्र है। एनएसयूआई ने कहा कि यह न केवल छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है बल्कि लोकतंत्र की आत्मा को आहत करने वाला कदम भी है।प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे,जिलाध्यक्ष सचिन रजक, प्रतिक गौतम, राष्ट्रीय सचिव करण तामसेतवर, अर्पित मिश्रा, अमित मिश्रा, सागर शुक्ला, सौरभ गौतम, साहिल यादव, अदनान अंसारी, सक्षम यादव, एजाज अंसारी, नीलेश महर, मो अली ,राहुल यादव, राहुल रजक, अनुराग शुक्ला, सैफ मंसूरी, अनुज यादव, अपूर्व केशवानी, पुष्पेन्द्र गौतम, अचलनाथ, वाजिद, शाहनवाज, अमन कुशवाहा, हर्ष लोधी, रितेश सिंह, ध्रुव पासी, राजेश श्रीपाल सहित भारी संख्या मे छात्र उपस्थित थे ।



