बड़े पुल के पास आइसक्रीम पार्लर में लगी आग

गोटेगांव जबलपुर दर्पण । नगर के बड़े पुल के पास मेन रोड पर उस समय अफ़रा-तफ़री मंच गई। जब अचानक ही एक आइसक्रीम फ्रूट पार्लर में आग लग गई।श्रीनाथ आईसक्रीम पार्लर एवं फलाहारी सेंटर मे आग लगते ही आसपास के दुकानदार भी घबरा गये।आग लगते ही घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया,जिससे राहगीरों एवं आसपास के निवासियों में दहशत का माहौल बन गया।जानकारी अनुसार दुकान में बिजली का स्विच ऑन करते समय शाट सर्किट के चलते पहले कूलर में आग लगी और वहीं से गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। कुछ ही सेकंड में गैस सिलेंडर से भभकी आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी विकराल हो गई की बगल में स्थित लॉरेक्स टेलर्स की दुकान में भी आग पहुंच गई और वहां रखी सिलाई मशीन सहित बड़ी संख्या में कपड़े भी जल गए।स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
आग लगने से आइसक्रीम पार्लर में रखी कुर्सियां,फ्रीजर, फर्नीचर एवं अन्य सामान भी जल गया ।
अक्सर देखा जा रहा है कि गोटेगांव नगर की अनेक होटल एवं जलपान गृह में घरेलू गैस सिलेंडरों का भरपूर नाजायज उपयोग किया जा रहा है। बगैर किसी सुरक्षा उपाय के कहीं किसी छोटी-छोटी जगह पर या फिर कहीं तो बिल्कुल दुकानों के सामने ही खुलेआम इन घरेलू गैस सिलेंडरों का अनाधिकृत उपयोग किया जा रहा है व्यावसायिक सिलेंडर कुछ ही होटल में केवल दिखाने के तौर पर रखे जा रहे हैं।लेकिन सच्चाई यह है कि होटल में घरेलू गैस सिलेंडर का ही उपयोग किया जा रहा है और शासन को भी बड़े पैमाने पर राजस्व क्षति पहुंचाई जा रही है। क्योंकि व्यावसायिक सिलेंडर और घरेलू सिलेंडरों के रेट में अंतर होता है।महज चंद्र रूपए के लालच में अनेक होटल संचालक घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करते रहे हैं।रही बात गोटेगांव में खाद्य अधिकारियों की या अन्य जिम्मेदारों की, तो सभी को सब कुछ मालूम है इसके बावजूद भी निगरानी का सर्वथा अभाव है,क्योंकि कहीं ना कहीं सभी के संबंध कार्यवाही करने में आडे आ रहे हैं।प्रशासन की यह सोची समझी अनदेखी किसी न किसी दिन नगर वासियों पर भारी पड़ सकती है।लोगों ने अपेक्षा की है कि गोटेगांव नगर में प्रशासन इस मामले में कड़ी कार्रवाई करें।



