पुलिस अधीक्षक ने किया वार्षिक परेड का निरीक्षण, अनुशासन और तत्परता का उत्कृष्ट प्रदर्शन

सीधी जबलपुर दर्पण । पुलिस लाइन सीधी में 14 अक्टूबर को दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर प्रातःकाल वार्षिक निरीक्षण परेड का आयोजन किया गया, जिसका निरीक्षण पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
परेड में परेड कमांडर का दायित्व रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे द्वारा दक्षतापूर्वक निभाया गया। पुलिस अधीक्षक ने परेड की चाल, अनुशासन, एकरूपता एवं टर्नआउट का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत भी किया।
इसके पश्चात प्लाटूनवार मार्च एवं शस्त्र ड्रिल अभ्यास कराया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं प्रत्येक प्लाटून का निरीक्षण किया और ड्रिल की बारीकियों, समन्वय एवं अनुशासन के महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने जवानों से कहा —
“अनुशासन, सजगता और परिश्रम पुलिस बल की असली पहचान हैं। प्रत्येक कार्य को समर्पण, तन्मयता और पेशेवर दक्षता के साथ करें।”
वाहन शाखा और कार्यालयों का निरीक्षण
परेड उपरांत एसपी संतोष कोरी ने वाहन शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने टूल किट, फर्स्ट एड किट, वाहन रखरखाव रजिस्टर और वाहनों की समग्र स्थिति की समीक्षा की। साथ ही, वाहन रखरखाव और सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड, रक्षित निरीक्षक कार्यालय, रोजनामचा, स्टोर एवं शस्त्र शाखा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर की सुव्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सैनिक सम्मेलन का आयोजन
निरीक्षण के बाद सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसका संचालन रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे ने सफलतापूर्वक किया। सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने जवानों की समस्याएँ और सुझाव सुने — कुछ का तत्काल समाधान किया गया, जबकि अन्य के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा —
“अपनी ड्यूटी को जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभाएँ। अपनी वर्दी और कर्तव्य के प्रति सदैव गर्व महसूस करें। सजगता, शुचिता और अनुशासन ही एक सच्चे पुलिसकर्मी की पहचान हैं।”
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने अनुशासन, दक्षता और तत्परता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन जीता।



