कू्ररता की चंगुल में फंसे सुधीर, सीधी के लिए रवाना

सीधी जबलपुर दर्पण । गुजरात के सूरत में कू्रर आरोपी के चंगुल में फंसे सुधीर पाण्डेय प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सुरक्षित मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंचे। वहां से सीधी जिले के लिए सुधीर सुबह रवाना हुए। उनके देर रात तक सीधी आने की संभावना है। सुधीर पाण्डेय को आरोपी के चंगुल से छुड़ाने में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के साथ ही जिले के कुछ समाजसेवी भी काफी सक्रियता दिखाए। लिहाजा गुजरात का पुलिस प्रशासन भी एक्टिव हुआ और सुधीर पाण्डेय को टे्रन में बैठाकर रवाना किया गया। बताते चलें कि सीधी जिले के बहरी थाना अंतर्गत नकझर खुर्द गांव के निवासी सुधीर पाण्डेय उम्र 26 वर्ष गुजरात के सूरत में मजदूरी करने के लिए गए थे। वहां भोला भाई नाम के व्यक्ति ने चाकू की नोक पर उनके साथ काफी बेरहमी से मारपीट की और बाल खींचते हुए पैर के तलवे भी चटवाए। आरोपी द्वारा पूरे घटनाक्रम का वीडियो तैयार कराया गया और सुधीर के व्हाट्सएप और फेसबुक स्टेटस पर 4 नवंबर की रात को अपलोड कर दिया गया। यह जानकारी सामने आते ही सुधीर के परिजन काफी परेशान हो गए। सुधीर का मोबाइल भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। ऐसे में सुधीर के लापता होने की संभावना भी जताई जा रही थी। सुधीर घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। घर में छोटा भाई तथा नेत्रहीन मां थी। सुधीर की सुरक्षा को लेकर चिंतित परिजनों ने 5 नवंबर की सुबह बहरी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय से फरियाद करते हुए सुरक्षित वापिसी कराने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी ने भी वरिष्ट अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर पुलिस की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उक्त घटना की जानकारी सामने आते ही फेसबुक पर सुधीर की सुरक्षित वापिसी की मांग शुरू हो गई जिस पर प्रशासन की ओर से भी तत्काल गुजरात पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई का दबाव बनाया गया था।



